गोरखपुर।15 फरवरी 2026
मोहनाग, भौरावारी कैंपियरगंज (गोरखपुर) की पावन धरती पर आयोजित विराट कुश्ती दंगल में भारी संख्या में क्षेत्रीय खेलप्रेमियों की उपस्थिति रही। इस भव्य आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अभय हॉस्पिटल कैम्पियरगंज के संस्थापक डॉ. अतुल कुमार मिश्र ने शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में डॉ. मिश्र ने कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अनुशासन, परिश्रम और आत्मबल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अखाड़ा शक्ति प्रदर्शन का मंच भर नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की पाठशाला है, जहां पसीना बहाने वाले युवा भविष्य में अपने गांव, जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते हैं।
उन्होंने ग्रामीण अंचल में ऐसे खेल आयोजनों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नई प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।
डॉ. मिश्र ने आयोजन समिति को सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी तथा सभी पहलवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
अंत में उपस्थित जनसमूह ने खेलों को बढ़ावा देने और स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।


Comments
Post a Comment