जनसेवा के उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविर — डॉ. अतुल कुमार मिश्र
कैम्पियरगंज,-गोरखपुर।
करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट, कैम्पियरगंज (गोरखपुर) द्वारा क्षेत्र के लोगों के लिए नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लगभग 75 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की बारीकी से जांच की गई और जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, उन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
चयनित मरीजों के मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन श्री साईं हॉस्पिटल, गोरखनाथ (गोरखपुर) में किया गया। इस ऑपरेशन को अस्पताल की सर्जन डॉ. सबा खालिद खान ने अपनी टीम के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया, जिसमें ऑपरेशन सहायक अमर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं और देखभाल संबंधी निर्देश भी दिए गए ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
इस शिविर के आयोजन में अभय हॉस्पिटल, कैम्पियरगंज (गोरखपुर) से ऑप्टोमेट्रिस्ट स्नेहलता सिंह ने प्रमुख भूमिका निभाई। इसके अलावा राजीव मिश्र, उमाशंकर सहानी, रामरक्षा पासवान और दुर्गेश कुमार चन्दानी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने शिविर को सफल बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। सभी के सहयोग से यह शिविर सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. अतुल कुमार मिश्र ने शिविर के सफल आयोजन पर सभी डॉक्टरों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा जनवरी 2026 से ही नियमित रूप से इस प्रकार के नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे अब तक सैकड़ों लोगों को लाभ मिल चुका है।
डॉ. मिश्र ने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी समय पर उपचार प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा नेत्र शिविरों के अलावा समय-समय पर सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाता है, जिसमें लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट इसी तरह समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगा और अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास करेगा, ताकि समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।


Comments
Post a Comment